एनएलसीआईएल की 100 मेगावाट की तीन सौर ऊर्जा परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित:
- केंद्रीय रेल, कोयला, वित्त एवं कंपनी मामलों के मंत्री पीयूष गोयल ने 14 जून 2018 को वाणिज्यिक उत्पादन के लिए नेवेली लिग्नाइट कॉरपोरेशन इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल) की 100 मेगावाट की तीन सौर ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन किया और इसके साथ ही ये परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं।
- प्रत्येक 100 मेगावाट की स्थापित क्षमता वाली ये सौर ऊर्जा परियोजनाएं विरुधुनगर जिले के थोप्पालक्कराई एवं सेथुपुरम और तिरुनेलवेली जिले के सेलाया सेझियानेल्लूर में अवस्थित हैं।
- ये सौर ऊर्जा परियोजनाएं 1300 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की गई हैं जिसमें 15 वर्षों के लिए परिचालन एवं रख-रखाव लागत भी शामिल है।
भारत के 115 आकांक्षी जिलों में स्वजल लॉन्च:
- केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री उमा भारती ने घोषणा की कि देश के 115 आकांक्षी जिलों में स्वजल योजना पर मौजूदा एनआरडीडब्ल्यूपी बजट से 700 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
- इस योजना के तहत सौर ऊर्जा की मदद से गांवों में पाइप के जरिए पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। स्वजल इकाइयों के संचालन और रख-रखाव के लिए सैकड़ों ग्रामीण तकनीशियनों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
- इसके अतिरिक्त उमा भारती ने देश भर में फैले 2000 जल गुणवत्ता जांच प्रयोगशालाओं का आधुनिकीकरण किए जाने की भी घोषणा की।
20 राज्यों ने आयुष्मान भारत योजना को लागू करने के लिए सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए:
- केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा ने 20 राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ सहमति पत्रों का हस्तांतरण किया। इन राज्यों ने स्वास्थ्य मंत्रियों के सम्मेलन में आयुष्मान भारत – राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मिशन (एबी-एनएचपीएम) को लागू करने के लिए सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए।
- सहमति पत्रों का हस्तांतरण केन्द्र और राज्यों के बीच सहयोग का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि एबी - एनएचपीएम देश के 50 करोड़ लोगों (10 करोड़ परिवार) को सुरक्षा प्रदान करेगा। लाभार्थी बिना नकद के और बिना किसी कागजात के इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
दिल्ली में राष्ट्रीय जनजातीय संग्रहालय स्थापित करने का प्रस्ताव:
- जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा दिल्ली में एक राष्ट्र स्तरीय जनजातीय अनुसंधान संस्थान के साथ एक राष्ट्रीय जनजातीय संग्रहालय स्थापित करने का प्रस्ताव है। इस संग्रहालय में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का उपयोग करते हुए समृद्ध जनजातीय संस्कृति और धरोहरों को प्रदर्शित किया जाएगा।
- 15 अगस्त, 2016 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए भाषण में की गई घोषणा के अनुरूप जनजातीय कार्य मंत्रालय छह जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी स्मारक स्थापित कर रहा है जिनमें से दो स्मारक अर्थात नर्मदा (गुजरात) और बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल (रांची) राष्ट्रीय महत्व के हैं।
- संग्रहालय और जनजातीय अनुसंधान संस्थान की स्थापना करने का प्रस्ताव पहले ही नीति आयोग को भेजा जा चुका है।
‘प्रमुख भारतीय फसलों के जल उत्पादकता मानचित्रण’ पर नाबार्ड प्रकाशन का विमोचन:
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में नाबार्ड द्वारा प्रकाशित ‘प्रमुख भारतीय फसलों का जल उत्पादकता मानचित्रण’ पुस्तक का विमोचन किया।
- ‘प्रमुख भारतीय फसलों का जल उत्पादकता मानचित्रण’ पुस्तक अग्रणी कृषि अर्थशास्त्री डॉ. अशोक गुलाटी की अगुवाई वाली एक टीम द्वारा किए गए 10 महत्वपूर्ण फसलों के अध्ययन पर आधारित है।
- 10 महत्वपूर्ण फसलों में चावल, गेहूं, मक्का, दालें, तिलहन, गन्ना, कपास और आलू इत्यादि शामिल हैं।
- इस पुस्तक में सिंचाई के लिए जल की किल्लत को ध्यान में रखते हुए फसल पैटर्न को फिर से संगठित करने, नहर सिंचाई प्रणाली में सिंचाई आपूर्ति को सीमित करने, सूक्ष्म-सिंचाई को बेहतर करने एवं जल संचयन में निवेश करने और जल उपयोगकर्ता संघ एवं किसान उत्पादक संगठन के जरिए कृत्रिम पुनर्भरण करने तथा सहभागिता सिंचाई प्रबंधन को बढ़ावा देने के सुझाव दिए गए हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने गाजा में फलिस्तीनियों के मारे जाने पर इजराइल की निंदा का प्रस्ताव स्वीकार किया:
- संयुक्त राष्ट्र महासभा ने गाजा में फिलस्तीनियों की मौत के लिए इजराइल की निंदा करने वाले अरब समर्थित प्रस्ताव को भारी बहुमत से स्वीकार किया। इस प्रस्ताव के जरिए हिंसा की जिम्मेदारी हमास पर डालने की अमेरिका की कोशिश भी नाकाम हो गई।
- मार्च के अंत में गाजा से लगती सरहद के पास शुरू हुए प्रदर्शनों में इजराइली गोलीबारी में कम से कम 129 फिलस्तीनियों की मौत हुई है जबकि इसमें किसी इजराइली की मौत नहीं हुई।
- यह प्रस्ताव अल्जीरिया और तुर्की ने अरब तथा मुस्लिम देशों की ओर से रखा था और 193 सदस्यों वाली महासभा में इसे 120 वोट मिले, जबकि आठ सदस्यों ने प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया। वहीं 45 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
ग्रीस और मेसेडोनिया के बीच नाम को लेकर उत्पन्न विवाद के समाधान के लिए ऐतिहासिक समझौता हुआ:
- ग्रीस और मेसेडोनिया के बीच पूर्ववर्ती यूगोस्लाव रिपब्लिक के नाम को लेकर उत्पन्न विवाद के समाधान के लिए ऐतिहासिक समझौता हुआ है। इस मुद्दे पर दोनों पड़ोसी देशों के संबंध दशको से खराब रहे है।
- मेसेडोनिया के प्रधानमन्त्री जोरान जेव ने कहा कि समझौते के तहत उनके देश को अधिकारिक रूप से रिपब्लिक नॉर्दन मेसेडोनिया के नाम से जाना जाएगा। इस समय संयुक्त राष्ट्र में इसे फॉर्मर यूगोस्लाव रिपब्लिक ऑफ मेसेडोनिया के नाम से जाना जाता है।
- इस समझौते को अभी दोनों देशों की संसद की मंजूरी मिलने और मेसेडोनिया में जनमत संग्रह होना शेष है।
खगोलविदों ने पृथ्वी के आकार के तीन ग्रहों वाली तारा प्रणाली की खोज की:
- वैज्ञानिकों ने दो नए प्लेनेटरी सिस्टम (गृह प्रणाली) की खोज की है, जिनमें से एक में तीन पृथ्वी के आकार के ग्रह हैं। स्पेन इंस्टिट्यूट डी एस्ट्रोफिसिका डी कैनारीस (आईएसी) और स्पेन में ओवियडो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने नासा के के2 मिशन द्वारा एकत्रित आंकड़ों का विश्लेषण किया जो कि 2013 में शुरू किया गया था।
- ‘जर्नल मंथली नोटिसिस ऑफ द रॉयल एस्ट्रोनॉमिकल सोसायटी’ (एमएनआरएएस) नामक पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन में सितारों के प्रकाश में उत्पन्न ग्रहण से पता चला है कि यहां दो नए ग्रह प्रणालियों का अस्तित्व भी है।
- पहला एक्सोप्लानेटरी सिस्टम स्टार के 2-239 में स्थित है, जो कि रोक डी लॉस मुचैचोस ऑब्सर्वेटरी (गारफिया, ला पाल्मा) में ग्रैन टेलीस्कोपियो कैनारीस (जीटीसी) के साथ किए गए अवलोकन से क्षुद्र तारा एम3 की विशेषता बताता है।
- यह सूर्य से लगभग 160 प्रकाश वर्ष पर सेक्स्टेंट के नक्षत्र में स्थित है। इसमें पृथ्वी (1.1, 1.0 और 1.1 पृथ्वी त्रिज्या) के समान आकार के कम से कम तीन चट्टानी ग्रहों की एक कॉम्पैक्ट प्रणाली है।
16वीं वार्षिक फोर्ब्स ग्लोबल 2000 सूची जारी:
- विश्व की 2000 कंपनियों में भारत की 58 कंपनियों ने जगह बनाई है। इनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज 83वें स्थान पर है। आरआईएल टॉप 100 में अकेली भारतीय कंपनी है।
- इसके अलावा एचडीएफसी बैंक (202), ओएनजीसी (266), इंडियन ऑयल (270) और आईसीआईसीआई बैंक (320), टाटा मोटर्स (385), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (404), लार्सन एंड ट्यूबरो (471) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (489) शामिल हैं।
- 16वीं सालाना फोर्ब्स ग्लोबल 2000 सूची में 60 देशों की पब्लिक ट्रेडिड कंपनियां शामिल की गई हैं। इन कंपनियों का चुनाव चार कारकों के आधार पर किया गया है। इनमें राजस्व, लाभ, संपत्ति और बाजार मूल्य शामिल है।
- फोर्ब्स पत्रिका ने आवास क्षेत्र में वित्तीय सेवाएं देने वाली कंपनी एचडीएफसी को उपभोक्ता वित्तीय सेवा श्रेणी की विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी कंपनी का दर्जा दिया है। इस सूची में अमेरिकन एक्सप्रेस को शीर्ष स्थान मिला है। हर तरह की कंपनियों की सूची में चीन का बैंक आईसीबीसी शीर्ष स्थान पर रहा है।
भारतीय मूल की दिव्या सूर्यदेवरा जनरल मोटर्स की पहली महिला सीएफओ बनीं:
- भारतीय मूल की अमेरिकी महिला दिव्या सूर्यदेवरा को अमेरिका की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी जनरल मोटर्स का मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) नियुक्त किया गया है। दिव्या 01 सितंबर 2018 को चक स्टीवेंस का स्थान लेंगी।
- वह कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मैरी बर्रा को रिपोर्ट करेंगी। बर्रा और दिव्या वाहन उद्योग में संबंधित इन शीर्ष पदों पर पहुंचने वाली पहली महिलाएं हैं।
‘राइजिंग कश्मीर’ के संपादक शुजात बुखारी की हत्या:
- जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में वरिष्ठ पत्रकार एवं 'राइजिंग कश्मीर' के संपादक शुजात बुखारी और उनके पीएसओ की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
- बुखारी ने पूर्व में 'द हिन्दू के कश्मीर संवाददाता के रूप में भी काम किया था। उन्होंने कश्मीर घाटी में कई शांति सम्मेलनों के आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह पाकिस्तान के साथ ट्रैक-2 प्रक्रिया का भी हिस्सा थे।